

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: NEET exam to be held in Raipur on June 21; 9,050 candidates to appear across 25 centers.
रायपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) का आयोजन 21 जून को किया जाएगा। परीक्षा को लेकर रायपुर जिले में व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिला प्रशासन ने परीक्षा के लिए 25 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं, जहां कुल 9050 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। खास बात यह है कि इस बार परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की संख्या पुरुषों की तुलना में अधिक है।
जारी आंकड़ों के अनुसार परीक्षा में 3348 पुरुष, 5665 महिला और 37 दिव्यांग अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू कर दी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वार दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।
पिछले वर्ष नीट पेपर लीक मामले को देखते हुए इस बार प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को परीक्षा संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्रों की सीलबंद पेटियों को सुरक्षित रखने के लिए अलग से स्ट्रांग रूम बनाया जाए। इसके अलावा केंद्रों में मेडिकल टीम और फ्रिस्किंग टीम की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कलेक्टर ने केंद्राध्यक्षों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर फर्नीचर, बिजली, पंखे, साफ-सफाई, पेयजल, स्वच्छ वॉशरूम, पार्किंग, दीवार घड़ी, जनरेटर (डीजी सेट), वीडियोग्राफी और साउंड सिस्टम जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं।
जिला प्रशासन का कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार जांच प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।