

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Tension in Koriya following the deaths of three people, including a BJP leader; administration imposes Section 163.
कोरिया। जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की वाहन में आग लगाकर हत्या किए जाने के मामले के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में धारा 163 लागू कर दी है।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार बैकुंठपुर के महलपारा, नौगई तथा कटगोड़ी स्थित भरत सिंह के क्रेशर प्लांट क्षेत्र से 300 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार के जुलूस, धरना-प्रदर्शन, आमसभा और घातक हथियारों के साथ आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही आपत्तिजनक नारेबाजी और पोस्टर वितरण पर भी रोक लगाई गई है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर हुए विवाद के बाद रात करीब 10:30 बजे भरत सिंह अपने साथियों योगेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, मयंक सिंह और नागेंद्र सिंह के साथ ग्राम कटगोड़ी में मनोज त्रिपाठी के घर के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हुआ।
आरोप है कि मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी और अन्य लोगों ने भरत सिंह की फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में गंभीर रूप से झुलसे भरत सिंह के साथ मौजूद नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस तरह इस सनसनीखेज घटना में मृतकों की संख्या तीन हो गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।