

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: DEO swings into action on the first day of the new academic session; conducts surprise school inspections and seeks an explanation from an absent teacher.
रायपुर। नए शिक्षा सत्र 2026-27 के पहले दिन जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) सतीश नायर एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने अभनपुर और आरंग विकासखंड के विभिन्न शासकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शिक्षण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान एक व्याख्याता के अनुपस्थित मिलने पर कारण बताओ प्रतिवेदन तलब किया गया।
डीईओ सतीश नायर ने सबसे पहले अभनपुर ब्लॉक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केंद्री का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने शाला प्रवेशोत्सव, विद्यार्थियों की उपस्थिति, समय सारिणी, कक्षा संचालन और विद्यालयीन गतिविधियों का अवलोकन किया। साथ ही विभिन्न पंजी, स्टाफ रूम और मध्याह्न भोजन व्यवस्था की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पदस्थ व्याख्याता (गणित) पंचराम बघेल अनुपस्थित पाए गए। इस पर डीईओ ने विद्यालय प्राचार्य को तत्काल अनुपस्थिति का प्रतिवेदन जिला शिक्षा कार्यालय भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीईओ ने शिक्षकों के साथ नए शिक्षा सत्र की तैयारियों, सिलेबस निर्माण और अध्ययन-अध्यापन की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने वीएसके एप के उपयोग, पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग और निर्धारित समय सीमा के भीतर पाठ्यक्रम पूरा करने की कार्ययोजना पर विशेष जोर दिया।
केंद्री विद्यालय के अलावा डीईओ ने पीएमश्री स्कूल अभनपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उपरवारा तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राखी (आरंग) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीईओ सतीश नायर ने कहा कि नए शिक्षा सत्र की शुरुआत नियमित उपस्थिति, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक परिणामों के लिए पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर संबंधित विद्यालयों की प्राचार्य, संकुल समन्वयक तथा विद्यालय स्टाफ भी मौजूद रहे।