

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Odisha businessman duped of Rs 2 crore by luring him into investing in the stock market through a Telegram group.
रायपुर। शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का झांसा देकर ठगों ने ओडिशा के एक बड़े कारोबारी से 2 करोड़ रुपए की ठगी कर ली। टेलीग्राम ग्रुप के जरिए शेयर निवेश के नाम पर यह फर्जीवाड़ा किया गया। शुरुआत में कारोबारी को फर्जी मुनाफा देकर भरोसे में लिया गया और फिर रायपुर बुलाकर कैश में करोड़ों रुपए ले लिए गए। पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैसेंजर ग्रुप से मिली ‘निवेश’ की जानकारी
ओडिशा निवासी कारोबारी नेमीचंद जैन के फोन पर कुछ महीने पहले एक लिंक आया। लिंक खोलते ही वह टेलीग्राम के एक ग्रुप से जुड़ गए। ग्रुप में टाटा कंसल्टेंसी जैसी बड़ी कंपनी के नाम पर निवेश से जुड़े मैसेज आते थे। कई लोग खुद को ट्रेडर बताकर करोड़ों का मुनाफा कमाने का दावा कर रहे थे।
1 लाख का निवेश, बदले में 13 लाख का ‘मुनाफा’
ग्रुप में जुड़े लोगों ने नेमीचंद को निवेश के लिए राज़ी किया। शुरुआत में उनसे 1 लाख रुपए निवेश करवाया गया। इसके बदले उन्हें 13 लाख रुपए का फर्जी मुनाफा दिया गया। यहीं से कारोबारी पूर्णतः ठगों के झांसे में आ गया।
2 करोड़ निवेश पर 40 लाख मुनाफे का लालच
इसके बाद अर्चना अग्रवाल, हर्ष, विकास साहू, सुनीता नंदा, अजय त्रिपाठी और अजित पात्रा नाम के लोग कारोबारी के संपर्क में आए। उन्होंने कहा कि 2 करोड़ निवेश करने पर पांच दिन में 40 लाख का लाभ मिलेगा। इस लालच में कारोबारी ने 2 करोड़ रुपए कैश दिए। इसके लिए उन्हें रायपुर बुलाया गया और फाफाडीह के पास पैसे ले लिए गए।
न रकम लौटी, न मुनाफा मिला
कैश देने के बाद कारोबारी अपने राज्य लौट गया। कुछ दिन बाद जब न तो मुनाफा आया और न ही मूल धन वापस मिला, तब ठगी का अहसास हुआ। इस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद ठगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और पूरे नेटवर्क की छानबीन जारी है।