

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: President Draupadi Murmu will visit Bastar on October 23, will attend the Muria Durbar: Chief Minister Sai
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के प्रस्तावित प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान 23 अक्टूबर को वह जगदलपुर जाएंगी और वहां मुरिया दरबार में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का बस्तर आगमन प्रदेश के लिए प्रसन्नता और गौरव का अवसर है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से राष्ट्रपति महोदया को बस्तर आने का आमंत्रण दिया गया था। इससे पहले बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान भी उनसे बस्तर आने का आग्रह किया गया था। राष्ट्रपति ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया था।
मुख्यमंत्री ने नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों और अन्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दंतेवाड़ा में आयोजित शिविर को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि नक्सली हिंसा से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सकें। जरूरतमंदों को सहयोग देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदेश में पहली बार आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच को लेकर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई। उन्होंने बताया कि भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले में महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का अवसर है। साथ ही, उन्हें खिलाड़ियों से प्रेरणा लेने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित होने का मौका भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित बस्तर दौरे, नक्सल हिंसा प्रभावितों की सहायता और अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण बताया। इन पहलों के जरिए सरकार सांस्कृतिक विरासत के सम्मान, जरूरतमंदों के सहयोग और खेलों को प्रोत्साहन देने पर जोर दे रही है।