

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tragic road accident in Mungeli: Three people, including the brother of MLA Punnulal Mohle, died while out for a morning walk; pickup driver absconding.
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क किनारे मौजूद तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में पूर्व खाद्य मंत्री और विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई अधीन दास पटिया मोहले समेत तीन लोगों की जान चली गई। तीनों सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। दुर्घटना के बाद चालक पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा मुंगेली जिले के दशरंगपुर में गुरुवार सुबह हुआ। स्थानीय निवासी और कृषक अधीन दास मोहले अपने दो साथियों के साथ सुबह की सैर पर निकले थे। तीनों मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मुंगेली की ओर जा रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही विधायक पुन्नूलाल मोहले और उनके समर्थक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए प्रयास कर रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठाते हुए संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बिलासपुर से तखतपुर होते हुए मुंगेली तक सड़क की खराब स्थिति को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, मार्ग की मरम्मत और सुरक्षित आवागमन की मांग लगातार उठाई जाती रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क की स्थिति सुधारने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही, फरार पिकअप चालक की पहचान के लिए उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।