

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Robbery in Bilaspur to take revenge on tantrik, fraud exposed by promising to convert 2.50 lakh into 2.50 crore
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नेशनल हाईवे-130 पर हुई कार और नकदी लूट की वारदात में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि लूट की इस घटना के पीछे बदले की भावना थी। आरोपियों ने बताया कि एक तांत्रिक ने 2.50 लाख रुपये को 2.50 करोड़ रुपये बनाने का झांसा देकर उनसे ठगी की थी। इसी ठगी का बदला लेने के लिए उन्होंने तांत्रिक की कार, मोबाइल और नकदी लूट ली।
यह मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। लूट की शिकायत खुद कोरबा जिले के दीपका निवासी विजय कुमार राज (48) ने दर्ज कराई थी, जो तंत्र विद्या के जरिए पैसे बढ़ाने का दावा करता था।
ढाबे के पास हुई थी फिल्मी अंदाज में लूट
एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के मुताबिक 31 जनवरी की रात विजय कुमार राज अपनी तीन महिला रिश्तेदारों के साथ बिल्हा से लौट रहा था। रात करीब 3:35 बजे रतनपुर में एक ढाबे के पास टॉयलेट के लिए कार रोकते ही दो गाड़ियां वहां आकर रुकीं। उनमें से उतरे चार युवकों ने विजय के साथ मारपीट की और उसकी स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल और करीब 8 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टेक्निकल साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने सरगुजा और कोरिया जिलों में दबिश देकर चार आरोपियों विद्यादास महंत (43), रामसुंदर (32), राजीव सिंह (37) और गुलशन कुजूर (47)—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल, 8 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा व अर्टिगा कार भी जब्त की है।
ठगी का बदला लेने की बात कबूली
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विजय कुमार राज ने तंत्र-मंत्र के जरिए पैसा कई गुना बढ़ाने का झांसा देकर उनसे 2.50 लाख रुपये लिए थे। लंबे समय तक पैसे वापस नहीं लौटाने पर उन्होंने विजय का पीछा कर रतनपुर क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम दिया।
तांत्रिक पर भी होगी कार्रवाई
एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि विजय कुमार राज ने पुलिस से ठगी की बात छिपाई थी। अब बिल्हा थाने में उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है और उसकी गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है।
एसएसपी की अपील
एसएसपी रजनेश सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र या पैसे डबल करने जैसे झूठे दावों के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि ऐसे ठगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।