

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Sand dispute leads to death in Korea's Navgai; two brothers burnt alive in a Fortuner, 4 accused arrested.
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की कथित तौर पर जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। इस हमले में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, रेत घाट के संचालन और अवैध खनन को लेकर लंबे समय से दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। बुधवार देर रात आरोपियों ने लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर कार के आगे और पीछे हाईवा वाहन खड़ा कर रास्ता रोक दिया। इसके बाद कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। कार में सवार लल्ला सिंह बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कार में मौजूद नागेंद्र सिंह, विरेंद्र सिंह और मयंक सिंह किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। विरेंद्र सिंह के गले पर फरसे से वार किया गया, जबकि अन्य लोगों की बेरहमी से पिटाई की गई।
गंभीर रूप से घायल विरेंद्र सिंह की अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं 80 प्रतिशत तक झुलसे नागेंद्र सिंह ने रायपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
इस वारदात में अब तक भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, विरेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह की मौत हो चुकी है। वहीं मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि नौगई रेत घाट का ठेका नागेंद्र सिंह के बेटे के पास था। रेत खनन और परिवहन को लेकर भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। दो दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मनोज त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात कोरिया पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मामला उनके संज्ञान में है और आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने इस घटना को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि रेत खदानों से होने वाली अवैध कमाई को लेकर भाजपा नेताओं के बीच संघर्ष चल रहा है और उसी का परिणाम यह हिंसक घटना है।
मृतक लल्ला सिंह के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई को जांच सौंपी जाए। घटना के बाद नौगई गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।