

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Security forces achieve major success in Bijapur; 6 Maoists killed in encounter, huge quantity of arms and explosives recovered
बीजापुर। बीजापुर जिले के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में थाना भोपालपटनम और थाना फरसेगढ़ के सीमावर्ती जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। नेशनल पार्क एरिया कमेटी के डीवीसीएम दिलीप बेड़जा और अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ, कोबरा (202, 206, 210) और सीआरपीएफ 214 की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
दो दिनों तक चला मुठभेड़ अभियान
17 जनवरी 2026 की सुबह से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग शुरू हुई, जो 18 जनवरी की शाम तक जारी रही। मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन में कुल 6 माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए, जिनमें 4 महिला माओवादी भी शामिल हैं।
इनामी डीवीसीएम दिलीप बेड़जा ढेर
मुठभेड़ में मारा गया डीवीसीएम दिलीप बेड़जा नेशनल पार्क एरिया कमेटी का इंचार्ज था, जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 135 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे।
मारे गए माओवादियों की पहचान
सुरक्षा बलों द्वारा प्रारंभिक पहचान में निम्न माओवादी कैडरों के नाम सामने आए हैं—
DVCM दिलीप बेड़जा – इनाम 8 लाख
ACM माड़वी कोसा – इनाम 5 लाख
ACM पालो पोड़ियम – इनाम 5 लाख
ACM लक्खी मड़काम – इनाम 5 लाख
PM जुगलो बंजाम – इनाम 2 लाख
PM राधा मेट्टा – इनाम 2 लाख
इन सभी पर कुल 27 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने 6 आधुनिक हथियार बरामद किए हैं, जिनमें—
2 AK-47 राइफल
1 INSAS राइफल
2 .303 राइफल
1 कार्बाइन

बीजीएल लॉन्चर, ग्रेनेड, गोला-बारूद, वायरलेस सेट, स्कैनर, माओवादी साहित्य, मेडिकल सामग्री और अन्य आपत्तिजनक सामान शामिल हैं।
घायल जवान सुरक्षित, इलाज जारी
अभियान के दौरान दुर्गम जंगल क्षेत्र में भालू और वनभैंसे के हमले में दो जवान घायल हो गए। दोनों को सुरक्षित निकालकर उच्च चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
आईजीपी का बयान: बस्तर में माओवादी प्रभाव सिमटा
बस्तर रेंज के आईजीपी सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि लगातार खुफिया आधारित अभियानों और स्थानीय सहयोग से माओवादी प्रभाव काफी हद तक खत्म हो चुका है। अब गतिविधियां कुछ छोटे समूहों तक सीमित रह गई हैं। उन्होंने शेष माओवादियों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।
बीजापुर में लगातार मिल रही सफलता
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के अनुसार, वर्ष 2025 में जिले में 163 माओवादी मारे गए थे, जबकि 2026 में अब तक 8 माओवादी ढेर किए जा चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक कुल 229 माओवादी मारे गए, 1126 गिरफ्तार हुए और 876 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में वापसी की है।