

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Security forces seize seven cooker IEDs and pipe bombs in Kanker
कांकेर। माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे सघन सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के अंदरूनी जंगल-पहाड़ी इलाकों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में माओवादी सामग्री और विस्फोटक बरामद किए गए हैं।
जंगलों में छिपाए गए थे विस्फोटक
पुलिस के अनुसार ग्राम बड़ेधौसा, मानकोट, उपरकोटगांव और जिक्लामारी के बीच स्थित दुर्गम क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान यह सामग्री बरामद हुई। यह इलाका लंबे समय से माओवादियों की गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता है।
संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
यह कार्रवाई 27 और 28 अप्रैल को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान की गई। अभियान में डीआरजी, जिला पुलिस बल, Border Security Force (BSF) और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम शामिल रही।
अभियान थाना आमाबेड़ा, कोरर, कांकेर और ताड़ोकी थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया।
7 कुकर IED और पाइप बम जब्त
बरामद सामग्री में पांच-पांच किलो के सात प्रेशर कुकर IED, दो पाइप बम, एक कोडेक्स वायर, तीन बंडल वर्दी कपड़ा और सात बंडल इलेक्ट्रिक वायर शामिल हैं।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन विस्फोटकों का इस्तेमाल सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए किया जाना था।
बम निरोधक दस्ते ने किया नष्ट
बरामद सभी विस्फोटकों को बम निरोधक दस्ता द्वारा मौके पर ही निष्क्रिय कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। इससे एक बड़े संभावित हादसे को टाल दिया गया।
अभियान जारी, सतर्कता बढ़ी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान जारी रहेगा। माओवादियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।