

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Severe cold wave grips Chhattisgarh, cold wave alert in 6 districts and dense fog alert in 7 districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का सितम लगातार जारी है। राज्य के मध्य हिस्से में अगले दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है, जबकि उत्तरी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। विभाग ने प्रदेश के 6 जिलों में शीतलहर और 7 जिलों में कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, सरगुजा संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। वहीं बिलासपुर संभाग के जिलों में भी एक-दो स्थानों पर कोहरे की स्थिति बनने के आसार हैं। अगले दो दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद आने वाले तीन दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में माना सहित प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान एक बार फिर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, कबीरधाम और बेमेतरा जिलों के एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है।
7 जिलों में रहेगा घना कोहरा
इसके अलावा 21 दिसंबर तक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज सुबह के समय कुहासा छाए रहने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।