

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Students clashed during the Holi festival at GGU, with a dispute erupting over climbing the stage; video goes viral
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) में होली सेलिब्रेशन के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि स्टेज पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है।
रंगोत्सव कार्यक्रम में हुआ बवाल
जानकारी के अनुसार, बुधवार (25 फरवरी) को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की स्थानीय इकाई ने यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर होली से पहले रंगोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए और डीजे की धुन पर नाचते-गाते रंग-गुलाल उड़ा रहे थे।
इसी दौरान स्टेज पर चढ़ने को लेकर कुछ छात्रों के बीच कहासुनी शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ छात्र जबरन मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिसका अन्य छात्रों ने विरोध किया। बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई और दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए।
आयोजकों ने कराया शांत
विवाद बढ़ता देख कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पदाधिकारियों और आयोजकों ने बीच-बचाव कर छात्रों को समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
ABVP के यूनिवर्सिटी इकाई के पूर्व अध्यक्ष आराध्य तिवारी ने कहा कि लॉ के छात्रों के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसे तत्काल सुलझा लिया गया। उन्होंने बताया कि मामला गंभीर नहीं था। वहीं, सीयू इकाई अध्यक्ष तुषार साहू ने कहा कि कुछ अज्ञात तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी, लेकिन स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें छात्र एक-दूसरे को धक्का देते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है और न ही पुलिस की ओर से कोई औपचारिक कार्रवाई की गई है।