

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Accident: Tragic accident in Raigarh; pickup returning from engagement party overturns in ditch, 4 dead, over 20 injured
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सगाई समारोह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी तेज रफ्तार पिकअप वाहन खाई में पलट गई। हादसे में 4 ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में से 8 का इलाज रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है, वहीं दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को रायपुर रेफर किया गया है।
सगाई कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, छाल क्षेत्र के ग्राम बंगुरसूता निवासी ग्रामीण बीते बुधवार को कंवर समाज के एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोसाईपोढ़ी गांव गए थे। रात करीब 8 बजे घर लौटते समय कापू-धरमजयगढ़ मार्ग स्थित विजयघाट के पास पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सड़क किनारे खाई में जा पलटा।
मौके पर दो की मौत, दो ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में काला राम राठिया (60) और छतर सिंह राठिया (60), दोनों निवासी ग्राम बंगुरसूता, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हिजबन राठिया और निरज सिंह राठिया ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
घायलों का इलाज जारी
परिजनों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल देवेन्द्र कुमार राठिया और सुरेन्द्र राठिया को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों में गड़ालाल, बालसिंह, दुजलाल सिंह, निपतराम, मिछनदर निषाद सहित कई ग्रामीणों को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन चालक की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।