

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP News: A major accident was averted during a wedding procession in Khandwa. A mare, driven out of control by the loud DJ music, fell into a well; the groom saved his life by jumping.
खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर में बीते रविवार को विवाह समारोह के दौरान बड़ा हादसा टल गया। बारात के दौरान दूल्हे को लेकर चल रही घोड़ी अचानक बेकाबू होकर पास के खुले कुएं में गिर गई। हालांकि दूल्हे ने समय रहते घोड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना का रेस्क्यू वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डीजे की तेज आवाज से बेकाबू हुई घोड़ी
जानकारी के मुताबिक, ग्राम आवल्या विट्ठल से बारात फतेहपुर पहुंची थी। दोपहर करीब 2 बजे दूल्हे को घोड़ी पर बैठाकर बारात निकाली गई। बाराती ढोल और डीजे की तेज आवाज पर नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान तेज गानों की आवाज से घोड़ी अचानक घबरा गई और संतुलन खो बैठी। घोड़ी बेकाबू होकर पास ही स्थित खुले कुएं में जा गिरी।
दूल्हे ने दिखाई सूझबूझ, टला बड़ा हादसा
घटना के दौरान दूल्हे ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए घोड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। घोड़ी कुएं में पानी होने के कारण उसमें गिर गई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर घोड़ी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पहले भी हो चुका है हादसा
ग्रामीणों के अनुसार यह कुआं शासकीय कोटवार भूमि पर स्थित है और करीब दो साल पहले इसी कुएं में एक बैल भी गिर चुका है। कुछ महीने पहले कोंडावद हादसे के बाद ग्रामीणों ने कुएं की सुरक्षा को लेकर ग्राम पंचायत सचिव कैलाश पटेल को जानकारी दी थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने की सुरक्षा इंतजाम की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से खुले कुएं को सुरक्षित करने और आसपास सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। फिलहाल इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।