

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Two elephant calves died after being electrocuted, their bodies found in a river four days later; two accused arrested.
रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में खेतों में लगाए गए मोटर पंप के करंट की चपेट में आने से दो हाथी शिशुओं की मौत हो गई। घटना की जानकारी चार दिन बाद तब सामने आई, जब बुधवार को कुरकुट नदी में दोनों के शव दिखाई दिए। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
चार दिन बाद सामने आया मामला
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम एसडीओ आशुतोष मंडावा और प्रभारी रेंजर विक्रांत कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाका दरहा गांव के निवासी धरम सिंह राठिया और रामकुमार राठिया को हिरासत में लिया गया।
सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया
वन विभाग की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर पंप के संचालन के दौरान सुरक्षा उपायों का पालन नहीं किया गया, जिससे करंट फैल गया और उसकी चपेट में आने से हाथी शिशुओं की मौत हो गई।
एक आरोपी फरार, सामान जब्त
मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के पास से फेंसिंग वायर, वाटर पाइप और अन्य सिंचाई सामग्री भी जब्त की गई है।
तीन से चार साल के थे दोनों हाथी
वन विभाग के अनुसार मृत हाथियों में एक नर और एक मादा शिशु शामिल हैं, जिनकी उम्र करीब तीन से चार वर्ष बताई जा रही है। दोनों के शव चार दिन तक नदी में डूबे रहे और बुधवार को नजर आने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग की टीम ने दोनों हाथी शिशुओं का अंतिम संस्कार कर दिया है। विभाग ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।