

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Heat is rising in Chhattisgarh, with Rajnandgaon reaching 40°C; weather may change in two days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार बीते गुरुवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। हालांकि अगले 48 घंटों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद आने वाले दिनों में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई गई है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक 13 और 14 मार्च को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, गरज-चमक और वज्रपात के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
प्रदेश में 40 डिग्री तक पहुंचा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम सामान्यतः शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस राजनंदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई।
मौसम प्रणाली का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों के ऊपर ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह सिस्टम समुद्र तल से करीब 1.5 किमी की ऊंचाई तक फैला है। इसके साथ ही निचले स्तर की पश्चिमी हवाओं में एक द्रोणिका सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
आज का पूर्वानुमान
प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटे) और गरज-चमक के साथ वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में 13 मार्च को हल्की धुंध रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 38°C और न्यूनतम तापमान 22°C के आसपास रहने का अनुमान है।