

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Uproar over attempted marriage in a temple in Korba, case filed against both parties amid claims of being a minor
कोरबा। कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से लापता हुई एक युवती मां सर्वमंगला मंदिर में एक युवक के साथ मिली। बताया जा रहा है कि युवती युवक से विवाह करने पहुंची थी। जैसे ही परिजनों को इसकी जानकारी मिली, वे मंदिर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद खड़ा हो गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
युवती के परिजनों ने दावा किया है कि वह नाबालिग है। वहीं पुलिस के अनुसार युवक की मां ने बताया कि युवक की उम्र 19 वर्ष है। उल्लेखनीय है कि देश में लड़कों के विवाह की कानूनी उम्र 21 वर्ष निर्धारित है। ऐसे में उम्र को लेकर विवाद और गहरा गया है।
जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले युवती के लापता होने की सूचना परिजनों ने दी थी। तलाश के दौरान पता चला कि वह रामपुर क्षेत्र निवासी युवक के साथ मां सर्वमंगला मंदिर में विवाह के लिए पहुंची है।
परिजन मंदिर पहुंचे तो वहां युवक की मां, जो मंदिर में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है, से उनका विवाद हो गया। स्थिति बिगड़ने पर सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर चौकी ले गई। बाद में समझाइश देकर उन्हें घर भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि जब युवती के परिजन युवक के घर के पास पहुंचे, तो वहां भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इस पर सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी विभव तिवारी ने बताया कि मारपीट के आरोपों को लेकर दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किया गया है।
वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस उम्र से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।