

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Heat wave in Chhattisgarh: Temperature to rise by 2 degrees in 3 days, weather to remain dry
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब धीरे-धीरे गर्मी का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद अगले चार दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश के आसार नहीं हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेशभर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। वर्षा के मुख्य आंकड़े निरंक रहे।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर ओडिशा से दक्षिण छत्तीसगढ़ होते हुए विदर्भ तक एक द्रोणिका समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर बनी हुई है। हालांकि इस सिस्टम का प्रदेश के मौसम में किसी बड़े बदलाव पर फिलहाल कोई तत्काल प्रभाव नहीं देखा जा रहा है।
आज भी प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है, क्योंकि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है।