

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Double impact of weather in Chhattisgarh, scorching heat in central areas including Raipur, pre-monsoon rains in Bastar
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज इन दिनों पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। एक ओर बस्तर संभाग समेत कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश ने दस्तक दे दी है, वहीं राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे मध्य क्षेत्रों में भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में रायपुर समेत कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।
मौसम केंद्र रायपुर द्वारा जारी साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी में अगले सात दिन बेहद गर्म रहने वाले हैं। आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। फिलहाल रायपुर में बारिश या बूंदाबांदी के कोई खास आसार नहीं दिख रहे हैं।
शनिवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। रविवार को तापमान बढ़कर 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हो सकता है। सोमवार को हल्की गिरावट के साथ तापमान 43.4 डिग्री रहने का अनुमान है। इसके बाद मंगलवार से गुरुवार तक पारा फिर 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।
लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। शहर के जयस्तंभ चौक, पंडरी कपड़ा मार्केट और वीआईपी रोड जैसे व्यस्त इलाकों में दोपहर के समय सन्नाटा देखने को मिल रहा है।
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMHO) ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। लोगों को शरीर ढककर रखने, लगातार पानी पीने और ओआरएस, छाछ व लस्सी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
जहां रायपुर गर्मी से तप रहा है, वहीं बस्तर संभाग के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश शुरू हो गई है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। ओडगी में 5 सेंटीमीटर, कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर और बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल और मनोरा में भी अच्छी बारिश हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में लगातार नमी आ रही है, जिससे बस्तर क्षेत्र में वर्षा की गतिविधियां बढ़ी हैं। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि प्रदेश में अगले पांच दिनों तक एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 2 से 3 दिनों में देश के कई हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।