

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: MLA Devendra Yadav in controversies after NEET paper leak protest, viral video raises political temperature
भिलाई। NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद भिलाई विधायक देवेंद्र यादव एक नए विवाद में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान विधायक खुद ही अपना कुर्ता फाड़ते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, NSUI कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित प्रदर्शन और कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया था कि पुलिस कार्रवाई में उनका कुर्ता फाड़ दिया गया। इस आरोप के बाद कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए थे। लेकिन अब सामने आए वायरल वीडियो के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विपक्षी दल इस मामले को लेकर कांग्रेस और विधायक देवेंद्र यादव पर निशाना साध रहे हैं। भाजपा नेताओं ने इसे “राजनीतिक ड्रामा” बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं कांग्रेस समर्थकों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच होना जरूरी है और पूरे घटनाक्रम को संदर्भ से हटाकर पेश किया जा रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा है कि वीडियो के आधार पर निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
इधर इसी प्रदर्शन से जुड़े मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने विधायक देवेंद्र यादव समेत 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार बिना अनुमति कलेक्ट्रेट घेराव किया गया और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित की गई।
पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई बताया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सच क्या है? क्या प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने विधायक का कुर्ता फाड़ा था या वायरल वीडियो में दिख रहा दावा सही है? फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ी हुई है।