

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Dry weather in Chhattisgarh, signs of a drop in night temperatures; cases of hypothermia increasing among children
रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं, अगले पांच दिनों तक दिन के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। रायपुर सहित कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। बिलासपुर, अंबिकापुर और पेंड्रा रोड समेत कई इलाकों में तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया गया।
इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड हुआ।
लगातार बदलते मौसम का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ रहा है। बीते एक महीने में रायपुर के अंबेडकर अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञों के मुताबिक बच्चों का शरीर वयस्कों की तुलना में जल्दी ठंडा हो जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि नवजात शिशुओं की मांसपेशियां कम विकसित होने के कारण वे ठंड को सहन नहीं कर पाते। वहीं, सीजेरियन डिलीवरी से जन्मे बच्चों में हाइपोथर्मिया का खतरा अधिक रहता है।
हाइपोथर्मिया एक जानलेवा आपात स्थिति है, जिसमें शरीर का सामान्य तापमान 98.6 फॉरेनहाइट (37 डिग्री सेल्सियस) से नीचे चला जाता है। तापमान गिरने पर शरीर सामान्य रूप से काम नहीं कर पाता और धीरे-धीरे महत्वपूर्ण अंगों की कार्यक्षमता प्रभावित होने लगती है।
पीडियाट्रिशियन डॉ. आकाश लालवानी के अनुसार ठंड के मौसम में शरीर हवा या पानी के संपर्क में आकर तेजी से गर्मी खो देता है। शरीर की लगभग 90 प्रतिशत गर्मी त्वचा और सांस के जरिए बाहर निकलती है। ठंडी हवा या नमी के संपर्क में आने पर यह प्रक्रिया और तेज हो जाती है। उन्होंने बताया कि ठंडे पानी में रहने पर शरीर हवा की तुलना में करीब 25 गुना तेजी से गर्मी खो देता है, जिससे हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी कर चेतावनी दी है कि तापमान में अचानक उतार-चढ़ाव से हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि शीतलहर के दौरान केवल जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करें और बाहर निकलते समय पर्याप्त गर्म कपड़े पहनकर रखें।