

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Heat and humidity will increase in Chhattisgarh, the mercury may rise by 4 degrees in the next four days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। हवा में बढ़ी नमी के कारण लोगों को तेज गर्मी के साथ उमस का भी सामना करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, लेकिन इसके बावजूद तापमान में लगातार बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों के दौरान प्रदेश के मध्य और उत्तर हिस्सों में भीषण गर्मी और ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई है।
बिलासपुर रहा सबसे गर्म
मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। कहीं हल्की बारिश हुई तो कहीं तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने जताई तापमान बढ़ने की आशंका
मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक एक द्रोणिका बनी हुई है। दूसरी द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से लक्षद्वीप तक फैली हुई है।
इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में फिलहाल मौसम मुख्यतः शुष्क बने रहने की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। खासतौर पर मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में लू जैसे हालात बनने के संकेत दिए गए हैं।
मई के अंत तक पहुंच सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून मई के अंतिम सप्ताह तक केरल पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।
रायपुर में साफ रहेगा आसमान
राजधानी रायपुर में बुधवार को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। तेज धूप और उमस के कारण दिनभर गर्मी का असर बना रहेगा।