

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Heat will increase in Chhattisgarh, likely to rise by 3 degrees in the next 5 days
रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में आगामी पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। वहीं, अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
बीते 24 घंटे: शुष्क रहा मौसम
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस राजधानी रायपुर में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
सिनोप्टिक सिस्टम का असर नहीं
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कोमोरिन क्षेत्र और उसके आसपास से लेकर विदर्भ तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के ऊपर एक द्रोणिका सक्रिय है। यह द्रोणिका आंतरिक तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक और मराठवाड़ा से होकर गुजर रही है और समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। हालांकि, इस सिस्टम का प्रदेश के मौसम पर फिलहाल कोई खास प्रभाव नहीं पड़ रहा है।
आज और आगे का पूर्वानुमान
आज भी प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले दो दिनों तक भी मौसम के इसी तरह शुष्क रहने के आसार हैं।
रायपुर का हाल
राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है, क्योंकि तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी से गर्मी का असर बढ़ सकता है।