

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Strict enforcement on Holi in Raipur; drones monitor rioters, strict action against rule breakers
रायपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहार के दौरान यदि किसी ने हुड़दंग मचाया, जबरन रंग लगाया या नियमों का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तीनों जोन में कड़ी सुरक्षा
कमिश्नरेट के सेंट्रल, वेस्ट और नॉर्थ तीनों जोन में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। मोहल्लों और कॉलोनियों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ड्रोन से होगी निगरानी
इस बार पुलिस ने निगरानी के लिए ड्रोन का भी सहारा लिया है। ड्रोन के माध्यम से छतों, गलियों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखी जाएगी। त्योहार से दो दिन पहले ही थाना प्रभारियों ने दुकानदारों और नागरिकों से बैठक कर आपसी सौहार्द बनाए रखने और शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की है।
पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि अपने क्षेत्र में किसी भी तरह का विवाद होने पर तुरंत सूचना दें। युवाओं को चेतावनी दी गई है कि जबरन रंग न लगाएं और नशे की हालत में उत्पात मचाने या अफवाह फैलाने की कोशिश न करें।
सोशल मीडिया पर भी नजर
मध्य जोन के एडीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। क्राइम ब्रांच की टीम सादे कपड़ों में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मौजूद रहेगी। किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान यदि किसी ने कानून का उल्लंघन किया या माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।