

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Monsoon momentum slows down in the state; rainfall to decrease from today; temperatures likely to rise.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से अब लोगों को थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज 14 सितंबर से प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। रविवार को बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के करीब रही है। प्रदेश में बारिश सामान्य से 4 फीसदी कम दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 14 सितंबर से बारिश की तीव्रता में कमी आने का अनुमान है। यानी प्रदेश में मानसून की सक्रियता धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकती है।
राजधानी रायपुर में आज14 सितंबर को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ।
रविवार को बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। बड़े बचेली और कोंटा में 8-8 सेमी, कटेकल्याण में 7 सेमी, सुकमा में 6 सेमी और फरसगांव, कुटरू व साल्हेवार में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा बारसूर, औंधी, धनोरा, कांकेर और कुआकोंडा में 4-4 सेमी बारिश हुई। डौंडी, छुईखदान, भैरमगढ़, गंडई, छुरिया, मैनपुर, बेलगहना, दंतेवाड़ा, मर्दापाल, अंबागढ़ चौकी, दरभा और बीजापुर समेत कई इलाकों में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक प्रदेश में 14 सितंबर से बारिश की तीव्रता कम होगी। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें जारी रह सकती हैं। इससे लगातार बारिश से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।