

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Monsoon reactivated in Chhattisgarh due to a low-pressure system in the Bay of Bengal; heavy rainfall expected over the next three days.
रायपुर। मानसून के ब्रेक के बाद छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने सुचिह्नित निम्न दबाव (लो प्रेशर) क्षेत्र का असर प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में शुक्रवार सुबह से बादल छाए रहे और रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने और कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई क्षेत्रों में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
गुरुवार को प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को शंकरगढ़ और कुसमी में सबसे अधिक 9-9 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा चांदो में 8 सेमी, पटना में 6 सेमी, समरी में 5 सेमी तथा बलरामपुर और दौरा कोचली में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बोराई, बिहारपुर, कोटा, रामानुजनगर, मरवाही, चलगली और अंबिकापुर में 3-3 सेमी तथा सकरी, भिलाई, रघुनाथ नगर और अहिवारा में 2-2 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। अगले दो दिनों में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है, जिसका असर छत्तीसगढ़ सहित आसपास के राज्यों में बारिश के रूप में देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने रायपुर, राजनांदगांव, धमतरी, बालोद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, आकाशीय बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।