

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Rainy weather in Raipur, signs of monsoon; Yellow alert for the next 24 hours
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई। मौसम विभाग के अनुसार शहर में मात्र एक घंटे के भीतर 24 मिमी वर्षा दर्ज की गई। तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश के चलते कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि दिनभर की तपिश के बाद शाम का मौसम बेहद सुहाना हो गया।
दिन के समय रायपुर का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन शाम को हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और वातावरण में बढ़ती नमी के कारण प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि परिस्थितियां अनुकूल रहने पर दक्षिण-पश्चिम मानसून शुक्रवार तक छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है।
प्रदेश के कई हिस्सों में आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने के संकेत हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की प्रगति के साथ बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार रायपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
रायपुर में अगले 12 घंटे के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना जताई गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
रायपुर के अलावा दुर्ग, भिलाई, महासमुंद, धमतरी, बलौदाबाजार और राजनांदगांव जिलों में भी शाम के समय तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिला। कई क्षेत्रों में बिजली चमकने और तेज गर्जना के कारण लोगों ने सुरक्षित स्थानों का सहारा लिया।
मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम सक्रिय बने रहने की संभावना जताई है।
प्रदेश में गुरुवार को सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जहां पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं बिलासपुर में 41.5 डिग्री, रायपुर में 40.8 डिग्री और दुर्ग में 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्व-मध्य और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण अब छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है। उत्तर आंध्र प्रदेश तट से मध्य भारत तक नमी पहुंचने के कारण प्रदेश में बादल छाने, गरज-चमक और वर्षा की गतिविधियों में तेजी आई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 48 घंटे मानसून की प्रगति के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेंगे और यदि वर्तमान परिस्थितियां बनी रहीं तो प्रदेश में मानसून की औपचारिक दस्तक जल्द देखने को मिल सकती है।