

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather changes amid Nautapa, rain brings relief to many districts; Rajnandgaon is the hottest
रायपुर। नौतपा के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में बारिश और आंधी की गतिविधियों से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। कई इलाकों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में गर्मी का असर अब भी बरकरार है। शुक्रवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा सुकमा में 4 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जगदलपुर, तोंगपाल और दरभा में 3 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं तोकापाल में 2 सेंटीमीटर तथा कोंडागांव, कोंटा, भनपुरी, लोहंडीगुड़ा, अंबिकापुर और सरगुजा में 1 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, मध्य पाकिस्तान से लेकर अंदरुनी उड़ीसा तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अलावा पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने Raigarh, Bilaspur, Korba, Jashpur, Gaurela-Pendra-Marwahi, Surguja, Surajpur, Koriya और Balrampur जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
राजधानी रायपुर में शनिवार को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या अंधड़ चल सकता है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।