

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather changes amid intense heat, with rain and storm expected in several districts including Raipur.
रायपुर। भीषण गर्मी से जूझ रहे छत्तीसगढ़ में अब मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहेगा और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा, गरज-चमक और तेज अंधड़ चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात और ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जगरगुंडा और सुकमा में 2-2 सेंटीमीटर तथा जगदलपुर में 1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं बस्तर, जगरगुंडा और सुकमा में 20-20 मिमी तथा जगदलपुर में 10 मिमी बारिश दर्ज हुई, जिससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली।
राजनांदगांव सबसे गर्म, जगदलपुर सबसे ठंडा
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ। रायपुर का अधिकतम तापमान रविवार को 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा।
सरगुजा संभाग में झमाझम बारिश के संकेत
उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा, कोरिया और जशपुर जिलों में दोपहर से शाम के बीच अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और मेघ गर्जन की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
कई मौसम प्रणालियों का दिख रहा असर
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा पंजाब से नागालैंड तक फैली पूर्व-पश्चिम द्रोणिका का संयुक्त प्रभाव प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। इसके अलावा दक्षिण छत्तीसगढ़ से कोमोरिन क्षेत्र तक फैली उत्तर-दक्षिण द्रोणिका भी मौसम में बदलाव का प्रमुख कारण बनी हुई है।
लोगों को गर्मी से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में बादल, बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। इससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।