

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather changes in Chhattisgarh, temperature drops by 5 degrees; rain and strong winds expected for the next 5 days
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेशभर में बारिश, बादल और तेज हवाओं के चलते तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने के कारण जून के पहले पखवाड़े में प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने में देरी हो रही है, जिसकी वजह से छत्तीसगढ़ में मानसून के पहुंचने की संभावित तारीख आगे खिसकती दिखाई दे रही है। इसका असर प्रदेश के मध्य और उत्तरी क्षेत्रों में अधिक देखने को मिल सकता है, जहां जून के शुरुआती दिनों में ग्रीष्मलहर चलने की आशंका जताई गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक हो या पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाए, तब उस क्षेत्र को हीटवेव प्रभावित माना जाता है। पर्याप्त बारिश नहीं होने तक ऐसे हालात बने रह सकते हैं। हालांकि बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी बस्तर संभाग में भीषण गर्मी को कुछ हद तक नियंत्रित रखेगी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पेंड्रा में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा चंद्रपुर में 5 सेंटीमीटर, कुटरू और अंबिकापुर में 4-4 सेंटीमीटर, तमनार और मुंगेली में 3-3 सेंटीमीटर तथा बसना, कोमाखान और बागबहरा समेत कई इलाकों में 1 से 2 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।
बारिश के बावजूद राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम सक्रिय बना रहेगा। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और अंधड़ चलने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में और गिरावट आ सकती है, हालांकि उमस बनी रहने की संभावना भी जताई गई है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में गरज-चमक के साथ अंधड़ और बारिश हो सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।