

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: CM Sai's statement on Bemetara mass marriage controversy, said- the venue was changed with my consent due to bad weather.
रायपुर। विष्णुदेव साय ने बेमेतरा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह समारोह में हुई अव्यवस्था को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मौसम में अचानक आए बदलाव और तेज हवा-बारिश की आशंका के चलते आयोजन स्थल बदलने का फैसला लिया गया था, जो उनकी सहमति से ही किया गया।
मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रविवार को बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस आयोजन की खास बात यह रही कि भाजपा विधायक दीपेश साहू का विवाह भी उसी समारोह में संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समाज को सकारात्मक संदेश देने वाला कदम था।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम के लिए खुले मैदान में टेंट और पंडाल लगाए गए थे, लेकिन अचानक मौसम खराब होने और तेज हवा चलने से टेंट-पंडाल अस्त-व्यस्त हो गए। इसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर पहले पुराने विश्राम गृह का सुझाव सामने आया, लेकिन बाद में महेश्वरी समाज भवन को अधिक उपयुक्त और बड़ा स्थल मानते हुए वहां आयोजन कराने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि कलेक्टर ने इस संबंध में उनसे चर्चा की थी और उनकी सहमति के बाद ही आयोजन स्थल बदला गया।
हालांकि आयोजन में अव्यवस्था और व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवालों के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए संभागीय कमिश्नर को निर्देशित किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर यह देखा जाएगा कि किन कारणों से व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं और भविष्य में ऐसी स्थिति से कैसे बचा जा सके।
गौरतलब है कि इस आयोजन में अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह की नाराजगी भी चर्चा में रही थी।
तहसीलदारों की हड़ताल पर भी बोले मुख्यमंत्री
वहीं सरगुजा जिले के मैनपाट में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच हुए विवाद तथा कथित मारपीट के बाद तहसीलदारों के हड़ताल पर जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन और तहसीलदारों के बीच लगातार चर्चा जारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही मामले का समाधान निकाल लिया जाएगा।