

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Rude behavior towards the public during Good Governance Festival proved costly, Durg District Panchayat CEO Rupesh Pandey suspended
रायपुर। राज्य सरकार ने सुशासन तिहार के दौरान आम लोगों से अशिष्ट व्यवहार करने के आरोप में दुर्ग जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) रुपेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि जन समस्या निवारण शिविर में आम जनता के साथ अशिष्टतापूर्ण व्यवहार करने के कारण यह कार्रवाई की गई है।
धनौद शिविर का वीडियो बना कार्रवाई का आधार
आदेश के अनुसार, कलेक्टर दुर्ग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव और ग्राम धनौद में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर की वीडियो क्लिप के अवलोकन में प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि CEO रुपेश पाण्डेय ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरती तथा आम नागरिकों के साथ अशिष्ट व्यवहार किया। इसके बाद 30 मई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनका जवाब शासन को संतोषजनक नहीं लगा।
आचरण नियमों के उल्लंघन का आरोप
शासन ने अपने आदेश में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 और नियम-3(क) का हवाला देते हुए कहा है कि प्रत्येक शासकीय सेवक का कर्तव्य है कि वह कर्तव्यपरायण रहे और ऐसा कोई कार्य न करे जो शासकीय सेवक के लिए अशोभनीय हो। नियमों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कोई भी लोकसेवक अपने पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में अशिष्टता का व्यवहार नहीं करेगा।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों के प्रति जवाबदेही जरूरी
आदेश में कहा गया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शासन तंत्र आम नागरिकों के प्रति उत्तरदायी होता है। इसलिए प्रत्येक लोकसेवक के लिए आम जनता के साथ शिष्ट और सम्मानजनक व्यवहार आचरण संहिता का महत्वपूर्ण हिस्सा माना गया है।
तत्काल प्रभाव से निलंबन, मिलेगा जीवन निर्वाह भत्ता
छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत रुपेश कुमार पाण्डेय को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही एवं कदाचार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
महेंद्र कुमार जांगड़े संभालेंगे अतिरिक्त प्रभार
कलेक्टर दुर्ग के प्रस्ताव के अनुसार, जिला पंचायत दुर्ग के प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी महेंद्र कुमार जांगड़े अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
