

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Women empowerment and mother-child welfare schemes are changing lives: Chief Minister Vishnudev Sai
कोंडागांव। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को कोंडागांव जिले के ग्राम बड़ेकनेरा में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं, बच्चों, किशोरियों और स्व-सहायता समूहों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ प्रदान करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण, सुरक्षित मातृत्व, पोषण और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में स्थायी सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि जब योजनाओं का लाभ सीधे लोगों के जीवन में बदलाव लाता है, तभी सुशासन का उद्देश्य सार्थक होता है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत श्रीमती मनिता मरकाम और श्रीमती खेमलता कोर्राम को लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह योजना माताओं और नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य की मजबूत आधारशिला बन रही है।
महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि योजना से मिलने वाली राशि घरेलू जरूरतों को पूरा करने और छोटे व्यवसाय को सहारा देने में मददगार साबित हो रही है। पार्लर संचालित करने वाली संतोषी भोयर और सब्जी व्यवसाय से जुड़ी संपत्ति मानिकपुरी ने योजना की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे परिवार की आर्थिक व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में अंजू कोर्राम एवं पद्मनी नेताम के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस दौरान माताओं को बच्चों के पोषण, टीकाकरण और स्वास्थ्य देखभाल संबंधी जानकारी दी गई। वहीं गोद भराई कार्यक्रम के तहत मनीता मरकाम और गुड़िया मरकाम को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के शुरुआती वर्षों में सही पोषण और देखभाल बेहद जरूरी है, क्योंकि यही उनके बेहतर शारीरिक और मानसिक विकास की नींव रखता है।
कार्यक्रम में काव्यांश और रौशनी को सुपोषण किट प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है और सुपोषण अभियान के जरिए बच्चों तथा माताओं को आवश्यक पोषण उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके साथ ही किशोरियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रिया नेताम, महिमा, नंदनी पटेल, पुष्पा नायक एवं हीना को हाइजीन किट वितरित की गई।
कार्यक्रम में सक्षम योजना के तहत मनई यादव को लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बना रही है।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ महिला कोष के तहत बड़ेकनेरा की एकता स्व-सहायता समूह को आर्थिक सहायता दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत इकाई बनकर उभर रहे हैं और महिलाओं में उद्यमिता तथा आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा दे रहे हैं।
कार्यक्रम में कंसोराम नेताम एवं गांधीराम नेताम को बच्चों की देखभाल और आंगनबाड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में माता-पिता दोनों की समान भागीदारी जरूरी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाओं, बच्चों और परिवारों के उत्थान के लिए संचालित योजनाएं प्रदेश को अधिक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।