

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A massive fire broke out at Padmini Multiplex in Champa, with screen number 1 completely gutted.
चांपा। चांपा शहर के कोरवा पारा क्षेत्र स्थित पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मल्टीप्लेक्स की स्क्रीन नंबर-1 लगभग पूरी तरह इसकी चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
तीन दमकल वाहन जुटे, आग पर काबू पाने की जद्दोजहद
सूचना मिलते ही दमकल विभाग के तीन वाहन मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका था। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मी मल्टीप्लेक्स के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि आग पर प्रभावी ढंग से काबू पाया जा सके।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
आग बुझाने के अभियान में पुलिस, दमकल विभाग, नगरवासी और प्रशासनिक अमला पूरी तरह जुटा हुआ है। स्थानीय लोग भी दीवार तोड़ने और रास्ता बनाने में सहयोग कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है, लेकिन इसके बावजूद टॉकीज परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हैं।
आग लगने के कारणों की होगी जांच
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि आग के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
राहत की खबर: कोई जनहानि नहीं
इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और राहत दल स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आग पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाने के प्रयास जारी हैं।