

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather pattern shifts with the onset of the monsoon; temperatures drop; rain and strong winds expected over the next five days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है। साथ ही मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। बुधवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं दुर्ग में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। दुर्ग जिले में सर्वाधिक 3 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा जशपुरनगर में 2 सेंटीमीटर, एमसीबी जिले के केल्हारी, जशपुर के मनोरा और बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार तक समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी विदर्भ, तेलंगाना और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश तक एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है।
वहीं पूर्वी विदर्भ और उससे लगे दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में बादल, बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ रही हैं।
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। साथ ही गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं और जल्द ही प्रदेश के कुछ हिस्सों में इसकी आधिकारिक एंट्री हो सकती है।
राजधानी रायपुर में गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।