Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
Chhattisgarh cricket selector Tarunesh Singh Parihar and family booked for fraud
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (CSCS) के सिलेक्टर तरुणेश सिंह परिहार और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक बैंक में बंधक रखे मकान को बेचकर 90 वर्षीय एक व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी की।
यह मामला 2015 का है, जब तरुणेश सिंह परिहार, उनकी पत्नी रितु सिंह परिहार, राजेश सिंह परिहार, उनकी पत्नी विनीता सिंह परिहार, और सरवेन्द्र सिंह ने मिलकर मैत्री विहार पुरैना में स्थित 1500 वर्गफीट जमीन और उस पर बने मकान को भुनेश्वर प्रताप सिंह को 40 लाख रुपये में बेच दिया था।
शिकायतकर्ता भुनेश्वर प्रताप सिंह के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें इस बात की जानकारी नहीं दी थी कि मकान पहले से ही बैंक में बंधक था और उस पर 40 लाख रुपये का लोन लिया गया था।
पीड़ित भुनेश्वर प्रताप सिंह को अगस्त 2019 में जब नायब तहसीलदार ने क्रय की गई भूमि को उनके नाम पर नामांतरित करने का आदेश जारी किया, तब भी उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि जमीन पर लोन है।
फरवरी 2022 में, यूको बैंक की तेलीबांधा शाखा से एक नोटिस मिलने के बाद उन्हें सच्चाई का पता चला। नोटिस में बताया गया था कि उक्त भूमि को अगस्त 2012 से बैंक में बंधक रखा गया था और उस पर लिए गए कर्ज का भुगतान नहीं किया गया था।
भुनेश्वर प्रताप सिंह ने जब इस बारे में आरोपियों से बात की, तो उन्होंने बैंक से मामला सुलझाने का आश्वासन दिया। लेकिन जब उनकी रकम वापस नहीं मिली, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत की जांच में पहली नज़र में अपराध होना पाया, जिसके बाद तरुणेश सिंह परिहार उर्फ डब्बू, उनकी पत्नी रितु सिंह परिहार, राजेश सिंह परिहार, उनकी पत्नी विनीता सिंह परिहार और सरवेन्द्र सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 34 (सामान्य आशय), और 120बी (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।