

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh's first Sports Conclave in Raipur on July 28.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन 28 जुलाई को राजधानी रायपुर के कोर्टयार्ड बाय मेरियट होटल में किया जाएगा। इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक, विशेषज्ञ, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट और नामचीन खिलाड़ी हिस्सा लेकर राज्य में खेलों के विकास, खिलाड़ियों के बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल अधोसंरचना के रोडमैप पर मंथन करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम के सत्र में शामिल होंगे। इस दौरान वे इस वर्ष आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान करेंगे। वहीं उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सुबह 11 बजे कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे।
दिनभर चलने वाले इस कॉन्क्लेव में कुल सात अलग-अलग सत्र आयोजित होंगे, जिनमें खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, क्षमता विकास, स्पोर्ट्स साइंस, उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी, खेलों के लिए बेहतर माहौल, सुविधाओं के विस्तार और खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। समापन सत्र में सभी चर्चाओं के निष्कर्ष प्रस्तुत किए जाएंगे, जिन्हें राज्य की खेल नीति और खिलाड़ियों के विकास में लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।
उद्घाटन सत्र में अरुण साव "लीडरशिप, खेल प्रोत्साहन एवं प्रतिभा पहचान" विषय पर अपने विचार रखेंगे। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर किरण पिस्दा, तैराक अनुष्का भगत और एथलीट लकी मरकाम भी मंच साझा करेंगे।
इन प्रमुख विषयों पर होगी चर्चा
कॉन्क्लेव में विशेषज्ञ और खिलाड़ी लीडरशिप एवं प्रतिभा पहचान, विजन-2036 के तहत भारत के अगले ओलंपिक चैंपियनों की तैयारी, खेल विकास के संभावित मार्ग, खेल महासंघों की भूमिका, स्पोर्ट्स साइंस की उपयोगिता, खेल अधोसंरचना और अकादमियों में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP), खेलो इंडिया मिशन तथा छत्तीसगढ़ की पदक रणनीति और नई राज्य खेल नीति जैसे विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।
ये होंगे मुख्य वक्ता
कॉन्क्लेव के विभिन्न सत्रों में ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, प्रख्यात शिक्षाविद एवं खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, हाई परफॉर्मेंस एनालिस्ट रोनक कोठारी, पीईएफआई के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पियूष जैन और खेलो इंडिया के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
राज्य सरकार का मानना है कि इस स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव से प्राप्त सुझावों के आधार पर छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।