

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh reels under intense heatwave, with heatwaves expected in several areas, including Raipur and Bilaspur.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। लगातार दूसरे दिन पूरा प्रदेश तेज गर्मी और लू की चपेट में रहा। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर समेत कई जिलों में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले पांच दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
सुबह से ही तेज धूप, दोपहर में चल रही लू
प्रदेश में सुबह 10 बजे के बाद ही तेज धूप का असर शुरू हो जा रहा है। दोपहर 12 बजे के बाद लू चलने लगती है, जिसका प्रभाव शाम 5 बजे तक बना रहता है। रात में भी गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
दुर्ग सबसे गर्म, तापमान पहुंचा 44.8 डिग्री
शुक्रवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में 44.2 डिग्री और बिलासपुर में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
प्रमुख शहरों का तापमान
दुर्ग – 44.8°C
रायपुर – 44.2°C
बिलासपुर – 44°C
अंबिकापुर – 41.3°C
जगदलपुर – 42.4°C
सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताई गर्मी बढ़ने की वजह
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के अनुसार, अंदरूनी ओडिशा और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ तक द्रोणिका सक्रिय है। वहीं उत्तर पाकिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी बना हुआ है।
इन मौसमी सिस्टमों के कारण प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
बस्तर में 26 मई से बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार बस्तर संभाग में 26 मई से बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। हालांकि प्रदेश के मध्य क्षेत्र में इसका असर 29 मई के बाद देखने को मिल सकता है। तब तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहने की आशंका है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ऐसे में दिन के साथ रात में भी गर्मी लोगों को परेशान करेगी।