

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur braces for intense heat ahead of Navtaap; weather department issues orange alert, risk of heatwave in several districts
रायपुर। रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ में नवतपा शुरू होने से पहले ही सूरज आग उगलने लगा है। गुरुवार को राजधानी रायपुर में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं माना क्षेत्र में सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया।
गर्म हवाओं से बेहाल लोग, कूलर भी बेअसर
दोपहर के समय तेज लू और झुलसा देने वाली गर्मी के कारण घरों में लगे कूलर भी राहत नहीं दे पा रहे थे। शाम और रात तक गर्म हवाएं चलती रहीं। हालात ऐसे रहे कि लोगों के लिए एक मिनट भी घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
रायपुर में आज 45 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायपुर में ग्रीष्म लहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शहर में आसमान मुख्यतः साफ रहने के आसार हैं।
इन जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें Bilaspur, Raigarh, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई गई है।
इन इलाकों में यलो अलर्ट
वहीं कोरबा, गरियाबंद, महासमुंद, बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में हीटवेव की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की एडवायजरी
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवायजरी भी जारी की है। विभाग ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और शरीर को पूरी तरह ढंककर रखने की अपील की गई है।