

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Good Governance Festival 2026: Chief Minister Sai said in the Karahi Bazaar resolution camp – 'It is the responsibility of the government to ensure that the benefits of the schemes reach the last person'
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज शुक्रवार बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर में कहा कि “सुशासन तिहार” का मुख्य उद्देश्य सरकार को गांव-गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में शिविर में पहुंचे ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार यह जानने के लिए गांवों तक पहुंच रही है कि लोगों को पानी, बिजली, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि रायपुर में बैठकर ग्रामीण समस्याओं को पूरी तरह समझा नहीं जा सकता, इसलिए पूरी सरकार गांवों में जाकर सीधे लोगों से संवाद कर रही है।

प्रदेशभर में जारी हैं समाधान शिविर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक कई स्थानों पर समाधान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं और आने वाले दिनों में भी शिविरों का आयोजन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे समस्याओं का त्वरित निराकरण संभव हो पा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को प्राथमिकता से पूरा करने का दावा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने नरेंद्र मोदी की गारंटी को प्राथमिकता के साथ पूरा किया है। उन्होंने कहा कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की गई तथा दो वर्षों का बकाया बोनस भी किसानों को दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसान, महिला, युवा और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाएं बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतों और छोटे व्यवसायों के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है।
“लखपति दीदी” अभियान से बढ़ रहा स्वरोजगार
मुख्यमंत्री ने “लखपति दीदी” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं और अब “करोड़पति दीदी” बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
पंचायतों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 6000 से अधिक पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को प्रमाण पत्र, राजस्व रिकॉर्ड, बैंकिंग तथा अन्य आवश्यक सेवाएं गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं।
.jpeg)
उन्होंने यह भी कहा कि अब रजिस्ट्री के साथ तत्काल नामांतरण की सुविधा शुरू की गई है, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री साय ने घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने जा रही है। इसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याएं ऑनलाइन और टोल फ्री नंबर के जरिए दर्ज करा सकेंगे तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
हितग्राहियों को सौंपे लाभ और नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किया। उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता की सुविधा और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर टंकराम वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, विशेष सचिव एवं जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक उपस्थित रहे।
बिजली बिल भुगतान समाधान योजना से उपभोक्ताओं को राहत
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित इस समाधान शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभों की जानकारी भी ली।
शिविर में “मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026” के तहत अनेक उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत प्रदान की गई। हितग्राहियों ने बताया कि इस योजना से उन्हें आर्थिक राहत मिली है और लंबित बिजली बिल की चिंता काफी हद तक कम हुई है।
बलौदाबाजार जिले के ग्राम बिटकुली निवासी आशाराम को 11 हजार 625 रुपये, बाबूलाल को 14 हजार 922 रुपये, जगदीश को 9 हजार 832 रुपये, बुधयारिन को 8 हजार 467 रुपये तथा चोवाराम को 13 हजार 325 रुपये की छूट प्रदान की गई।
हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान बताया कि पहले बढ़े हुए बिजली बिल के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन इस योजना से उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि अब वे बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान कर पा रहे हैं।
“जनता को राहत पहुंचाना सरकार का उद्देश्य” – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आम जनता को राहत पहुंचाना और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी सहायता साबित हो रही है।