

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
An electrician falls 30 feet to his death at Raipur Airport, raising serious questions about security lapses.
रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में मरम्मत कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने एयरपोर्ट प्रबंधन और ठेका एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। धमतरी जिले के जामगांव निवासी 32 वर्षीय इलेक्ट्रीशियन कुबेर चंद साहू की करीब 30 फीट ऊंचाई से गिरने के बाद मौत हो गई।घटना एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया में हुई, जहां फाल्स सीलिंग और इलेक्ट्रिकल मरम्मत का काम चल रहा था।
बिना सेफ्टी बेल्ट ऊंचाई पर कराया जा रहा था काम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुबेर साहू को ऊंचाई पर काम करने भेजा गया था, लेकिन उनके पास न सेफ्टी बेल्ट थी और न ही अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण।हादसे के बाद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील और हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की ऐसी अनदेखी बेहद गंभीर मामला है।
‘गर्मी से चक्कर’ वाली सफाई पर भड़के लोग
हादसे के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने प्रारंभिक तौर पर ‘अधिक गर्मी के कारण चक्कर आने’ की बात कही।लेकिन इस बयान पर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि पूरा एयरपोर्ट एयर कंडीशनिंग सिस्टम से नियंत्रित रहता है और तापमान लगभग 26 डिग्री पर बना रहता है। ऐसे में गर्मी से चक्कर आने की दलील लोगों को स्वीकार नहीं हो रही।कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसा करंट लगने और सुरक्षा लापरवाही के कारण हुआ।
ठेकेदार पर मुआवजा नहीं देने का आरोप
मृतक के परिवार ने संबंधित ठेका एजेंसी ‘जय इंटरप्राइजेज’ और ठेकेदार विनीत शाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।परिजनों का कहना है कि कुबेर साहू परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, लेकिन हादसे के बाद भी उन्हें उचित मुआवजा देने से बचने की कोशिश की जा रही है।
सामाजिक संगठनों ने खोला मोर्चा
कुबेर साहू की मौत के बाद छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने एयरपोर्ट प्रबंधन और ठेकेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।संगठनों का आरोप है कि बाहरी ठेकेदार करोड़ों के प्रोजेक्ट तो ले रहे हैं, लेकिन स्थानीय श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैं।उन्होंने पीड़ित परिवार को सम्मानजनक मुआवजा देने, दोषियों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने और सुरक्षा लापरवाही की जांच की मांग की है।संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि परिवार को न्याय नहीं मिला तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद माना थाना पुलिस ने एयरपोर्ट प्रबंधन और संबंधित एजेंसी से जानकारी मांगी है। प्रशासन ने जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।