

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh shaken by multiple road accidents in a single day.
छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगहों पर सड़क दुर्धटना की खबर है। बिलासपुर में सीपत-बलौदा मुख्य मार्ग पर रविवार रात ग्राम कुली में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार महिला सुमित्रा बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति सतीराम गोंड और मां दुरपति गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर जा गिरे। सुमित्रा बाई सीधे ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इधर पत्थलगांव थाना क्षेत्र के मिर्जापुर में रविवार शाम को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गए।
एक अन्य हादसे में कटघोरा अंबिकापुर नेशनल हाईवे 130 पर स्थित गुरसिया पुल पर रविवार रात रायपुर से इलाज कराकर अंबिकापुर लौट रहे एक परिवार की स्कॉर्पियो और अंबिकापुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी, कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर तान नदी के पुल की रेलिंग के टकरा गई और नीचे गिरते-गिरते बाल-बाल बची।
इसके अलावा एक और हादसा दर्री थाने के अंतर्गत हुई जहां नशे में धुत युवकों ने तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए सामने से आ रही बाइक को ठोकर मार दी, जिससे एक घर के इकलौते बेटे की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।
इन दुर्घटनाओं के अलावे बिलासपुर में कोटा के कोरी डेम में रविवार शाम चेकिंग से बचने की कोशिश में एक्टिवा पर सवार तीन नाबालिगों ने ड्यूटी पर तैनात आरक्षक को टक्कर मार दी। हादसे में आरक्षक के सिर, कमर और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। घायल आरक्षक को कोटा के सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है। वहीं एक्टिवा के अनियंत्रित होकर गिरने से तीनों नाबालिग घायल हो गए हैं।
दरअसल, पुलिस की टीम दोपहर करीब 2.30 बजे से कोरी डेम के पास मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहनों की जांच कर रही थी। शाम को करीब 4 बजे आरक्षक अनिल साहू वाहनों को रोककर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एक्टिवा पर तीन नाबालिग पहुंचे। आरक्षक ने रुकने का इशारा किया, तो चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। खतरनाक तरीके से कट मारकर भागने की कोशिश में उसने आरक्षक को टक्कर मार दी। टक्कर से आरक्षक उछलकर सड़क पर जा गिरे।
प्रधान आरक्षक गजेन्द्र सिंह चौहान की रिपोर्ट पर कोटा थाने में एक्टिवा चालक के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।