

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh will be among the top three states for tourism in the next 10 years: Amit Shah
रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ आने वाले 10 वर्षों में पर्यटन के क्षेत्र में देश के शीर्ष तीन राज्यों में अपनी जगह बनाएगा। प्राकृतिक सौंदर्य, वन संपदा, खनिज संसाधन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। माओवादी हिंसा से बाहर निकलकर प्रदेश अब शांति, विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सुरक्षा का बेहतर माहौल बनने से पर्यटन के साथ उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।शाह मंगलवार को नवा रायपुर में राज्योत्सव 2026 के समापन एवं राज्य अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इनका बेहतर उपयोग प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई दे सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, मां बम्लेश्वरी और मां दंतेश्वरी मंदिर जैसे स्थल पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। बस्तर दशहरा भी प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।उन्होंने कहा कि पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचने का मौका मिलेगा।
अमित शाह ने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ के बारे में कहा जाता था कि यहां की धरती तो अमीर है, लेकिन लोग गरीब हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से अगले 10 वर्षों में प्रदेश की धरती के साथ यहां के लोग भी समृद्ध होंगे।उन्होंने राज्य निर्माता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ का गठन क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पहचान देने और विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था।
शाह ने बस्तर पंडुम और बस्तर ओलिंपिक की सराहना करते हुए कहा कि इन आयोजनों से जनजातीय संस्कृति और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि पंथी, पंडवानी, राउत नाचा, करमा और सैला जैसी लोककलाओं में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की क्षमता है। इन सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देकर छत्तीसगढ़ अपनी विशिष्ट पहचान को और मजबूत कर सकता है।