

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh will become developed only by drug-free and healthy Chhattisgarh: Chief Minister Vishnu Dev Sai
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को राजधानी रायपुर में देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक आयोजित नशामुक्ति पदयात्रा में शामिल हुए। बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी पदयात्रा में हिस्सा लिया। पदयात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री साय ने लाल चौक स्थित लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। नशे का असर सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
युवाओं को नशे से बचाना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा किसी भी प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। यदि युवा स्वस्थ, शिक्षित और कुशल होंगे और अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएंगे तो प्रदेश तेजी से विकास करेगा। सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ का हर युवा अपनी प्रतिभा और क्षमता का इस्तेमाल परिवार, समाज और प्रदेश की प्रगति में करे।
25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह
सेवा संकल्प अभियान के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने संयम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया था। ऐसे में नशामुक्ति अभियान उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं।
बस्तर के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा, जिससे क्षेत्र के विकास की गति बाधित हुई। अब क्षेत्र में शांति और विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति के जरिए प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर जैसे आधुनिक और उभरते क्षेत्रों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर खुलेंगे।
27 वर्षों से पदयात्रा आयोजित करने की सराहना
मुख्यमंत्री ने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक मुद्दों को लेकर पदयात्रा आयोजित किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संभव होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पदयात्राओं से प्रेरित होकर अब तक हजारों लोगों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह भी लोगों, खासकर युवाओं को स्वस्थ और उद्देश्यपूर्ण जीवन की ओर प्रेरित करेगा।
युवाओं से नशामुक्ति का संदेश आगे बढ़ाने की अपील
मुख्यमंत्री साय ने पदयात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं और युवाओं से अपील की कि वे नशामुक्ति का संदेश अपने परिवार, दोस्तों और समाज तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ युवा, स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज मिलकर ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं और आम नागरिक मौजूद रहे।