

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chief Minister Vishnu Deo Sai bade a final farewell to the late MLA Domanlal Korsewada.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को बालोद जिले के ग्राम भेंडरा पहुंचे, जहां उन्होंने अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें नम आंखों से विदा किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका निधन पूरे क्षेत्र की जनता के साथ-साथ उनके लिए भी व्यक्तिगत रूप से बेहद पीड़ादायक है। कोर्सेवाड़ा का सरल व्यक्तित्व, आत्मीय व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके समर्थकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।