

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Cold to intensify in Chhattisgarh from tomorrow; night temperatures expected to drop by 2–4 degrees; rain likely today as well.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है, वहीं कई इलाकों में ठंड और कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के बाद मौसम में बदलाव होने के आसार हैं। 24 नवंबर से रात के तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड बढ़ेगी।
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक, रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, सोमवार 23 नवंबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, बारिश को लेकर किसी भी क्षेत्र में अलर्ट जारी नहीं किया गया है। अगले दो दिनों तक कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं, लेकिन धीरे-धीरे इनके कमजोर पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र 22 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तक सक्रिय रहा। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बादल और बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने और न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान जगदलपुर में 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि वहां न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बारिश के आंकड़े इस प्रकार हैं:-
- दुलदुला – 3 सेमी
- पत्थलगांव – 3 सेमी
- बागभरा – 1 सेमी
- वाड्रफनगर – 1 सेमी
- भैयाथान – 1 सेमी
- जशपुरनगर – 1 सेमी
- रामानुजगंज – 1 सेमी
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई शहरों में तापमान में बदलाव देखने को मिला। राजधानी रायपुर में सुबह कोहरे के बाद दिन में धूप निकली, जबकि शाम होते ही ठंड का असर बढ़ गया।
- रायपुर: अधिकतम 29.1°C, न्यूनतम 19.2°C
- माना: अधिकतम 29.9°C, न्यूनतम 18°C
- बिलासपुर: अधिकतम 26.5°C, न्यूनतम 20.6°C
- राजनांदगांव: न्यूनतम 19.2°C
- जगदलपुर: अधिकतम 30.6°C, न्यूनतम 15.9°C
- अंबिकापुर: अधिकतम 27.1°C, न्यूनतम 19.2°C
- दुर्ग: अधिकतम 28.6°C, न्यूनतम 16.4°C
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बारिश की गतिविधियां कमजोर होने के बाद प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का असर बढ़ने लगेगा।