

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Commencement of the Amarnath Yatra 2026; first batch departs amidst chants of 'Baba Barfani'.
जम्मू। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के महापर्व श्री अमरनाथ यात्रा 2026 का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। जम्मू स्थित आधार शिविर से 'बम-बम भोले', 'हर-हर महादेव' और 'जय बाबा बर्फानी' के गगनभेदी जयघोष के बीच श्रद्धालुओं का पहला जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ रवाना हुआ। शाम तक सभी श्रद्धालु पहलगाम और बालटाल आधार शिविर पहुंच गए, जहां से उन्हें शुक्रवार तड़के पवित्र गुफा की ओर रवाना किया जाएगा।
यात्रा के पहले दिन कुल 4,822 श्रद्धालु 259 वाहनों के काफिले में जम्मू से रवाना हुए। इनमें 2,510 श्रद्धालु पारंपरिक पहलगाम मार्ग से यात्रा करेंगे, जबकि 2,312 श्रद्धालु बालटाल मार्ग के लिए निकले हैं। बालटाल मार्ग से जाने वाले श्रद्धालु एक ही दिन में बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकेंगे, जबकि पहलगाम मार्ग से यात्रा पूरी करने में लगभग तीन दिन का समय लगेगा।
यात्रा शुरू होने से पहले जम्मू आधार शिविर में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पूजा-अर्चना की और धर्म ध्वज फहराया। इसके बाद सुबह करीब 6:10 बजे उन्होंने पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और श्रद्धालुओं की सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। 'हर-हर महादेव' के जयघोष और हाथों में तिरंगा लिए श्रद्धालुओं ने पूरे माहौल को भक्ति और देशभक्ति के रंग में रंग दिया। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सामाजिक संगठनों ने भी यात्रा मार्ग पर स्वागत की विशेष व्यवस्था की।
यात्रा मार्ग पर जगह-जगह लंगर सेवा शुरू कर दी गई है, जहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन और जलपान की व्यवस्था की गई है। वहीं, पहलगाम और बालटाल से लेकर पवित्र गुफा तक प्रशासन और विभिन्न सेवा संगठनों ने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।