

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Plot for major terror attack in Delhi foiled; 4 terrorists from ISI-Shahzad Bhatti module arrested.
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते विफल कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली पुलिस के प्रमुख थानों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की योजना पर काम कर रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आतंकियों में से एक ने दिल्ली के बड़े पुलिस थानों और अन्य महत्वपूर्ण सुरक्षा ठिकानों की रेकी की थी। इन स्थानों की लोकेशन और अन्य संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स तक पहुंचाई गई थीं। इससे पहले लाल किला, अक्षरधाम मंदिर और राजधानी के प्रमुख बाजार भी आतंकियों के निशाने पर बताए गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के तरनतारन निवासी शुभदीप सिंह उर्फ शुभ, गुरजंत सिंह, साजन और गगनप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक विदेशी पिस्टल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल फोन से कई अहम डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
जांच में खुलासा हुआ है कि सबसे पहले अमृतसर से शुभदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। वह पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ मंगाने के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। उसकी निशानदेही पर गुरजंत और साजन को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दिल्ली से गगनप्रीत को पकड़ा गया, जिसके मोबाइल से कई महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि चारों आरोपी पिछले कई महीनों से पाकिस्तान में बैठे आतंकियों और हैंडलर्स के लगातार संपर्क में थे। जांच एजेंसियां अब इस मॉड्यूल के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी तलाश कर रही हैं।
डीसीपी प्रवीण कुमार के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल पिछले छह महीनों में विभिन्न आतंकी मॉड्यूल से जुड़े 50 आतंकियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।