

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Congress's 18-hour sit-in in Raipur ends; protest suspended following police assurances.
रायपुर। भाजपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का खम्हारडीह थाने के बाहर चल रहा धरना शुक्रवार दोपहर समाप्त हो गया। करीब 18 घंटे तक चले इस आंदोलन के बाद पुलिस की ओर से एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर दोषियों पर कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया गया, जिसके बाद कांग्रेस ने धरना खत्म करने का फैसला लिया।कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो कार्यकर्ता दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे।
कांग्रेस ने अपनी मांगों को लेकर पुलिस प्रशासन के सामने तीन शर्तें रखीं। सात दिनों के भीतर जांच कर कांग्रेस भवन पर कथित हमले में शामिल भाजपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। घायल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मेडिकल परीक्षण कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। निष्पक्ष जांच के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज गैर जमानती धाराओं को हटाया जाए।
दरअसल, भाजपा और कांग्रेस के बीच विवाद उस समय बढ़ा जब कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला दहन किया। इसके जवाब में भाजपा ने 22 जुलाई को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया।इसके बाद भाजपा नेताओं ने शंकर नगर स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन का घेराव किया। इस दौरान दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बनी। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कांग्रेस के 12 कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।इसी कार्रवाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता खम्हारडीह थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
धरने में एआईसीसी सचिव एस. संपत, प्रभारी महामंत्री संगठन मलकीत सिंह गैंदू, संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व महापौर एजाज ढेबर, प्रमोद दुबे, श्रीकुमार शंकर मेनन, राजेंद्र पप्पू बंजारे, कुलदीप जुनेजा और पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खम्हारडीह थाना प्रभारी भावेश गौतम ने कहा कि मामले में पहले ही अपराध दर्ज किया जा चुका है और जांच जारी है। कांग्रेस नेताओं की ओर से दिए गए आवेदन को भी जांच में शामिल कर लिया गया है।उन्होंने कहा कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर अगले सप्ताह तक नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार के सख्त कदमों और सोनम वांगचुक के अनशन खत्म होने के बाद भाजपा ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि विपक्ष का एजेंडा जनता के सामने उजागर हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट, दोषियों के लिए कड़े दंड प्रावधान, सख्त जमानत नियम और दोषी संस्थानों पर कार्रवाई जैसे कदम उठा रही है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने राजीव भवन के पास हुए विवाद को भाजपा की साजिश बताया।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यालय और कार्यकर्ताओं पर हमला किया। उन्होंने कहा कि सत्ता के दबाव में कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है।फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामले में किन लोगों के खिलाफ आगे कार्रवाई की जाती है।