

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Controversy escalates over Ram Mandir 'donation theft' protest; FIR registered in Varanasi against Rahul Gandhi, Pappu Yadav, and Awadhesh Prasad.
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर विपक्ष के प्रतीकात्मक प्रदर्शन ने अब कानूनी रूप ले लिया है। संसद परिसर में भगवा वस्त्र पहनकर दान पेटी के साथ किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर वाराणसी के कोतवाली थाने में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पूर्णिया से सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और फैजाबाद (अयोध्या) से सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया है।
31 जुलाई को संसद के मकर द्वार के पास इंडिया गठबंधन के नेताओं ने राम मंदिर चंदे में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया था। इस दौरान पप्पू यादव भगवा वस्त्र, रुद्राक्ष की माला और पुजारी के वेश में भगवान राम की तस्वीर तथा दान पेटी लेकर बैठे थे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी सहित कई विपक्षी नेताओं ने प्रतीकात्मक रूप से दान पेटी में पैसे डाले। इसके बाद नाटकीय अंदाज में पप्पू यादव ने दान पेटी से नकदी निकालकर जेब में रखी और पेटी लेकर जाने का अभिनय किया। वहीं सांसद अवधेश प्रसाद ने उन्हें रोकते हुए कथित तौर पर "चोर पुजारी" के खिलाफ कार्रवाई की मांग का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया।
विपक्ष ने इस प्रदर्शन को राम मंदिर चंदे में कथित गड़बड़ियों का प्रतीक बताते हुए सरकार से जवाब मांगा था।
प्रदर्शन के बाद वाराणसी के पातालपुरी पीठाधीश्वर बालकदास महाराज के नेतृत्व में संत समाज ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राजनीतिक विरोध के लिए भगवा वस्त्र और पुजारी के स्वरूप का इस्तेमाल कर हिंदू धार्मिक परंपराओं का अपमान किया गया तथा करोड़ों सनातनियों की भावनाओं को ठेस पहुंची।
पुलिस ने शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल संबंधित सांसदों की ओर से इस एफआईआर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।